रायपुर में निगम की बड़ी कार्रवाई: 18 दुकानदारों पर ₹16,820 का जुर्माना, गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर सख्ती

त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक-2 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाजार क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले 18 दुकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग नहीं रखने, गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल से संबंधित शिकायतें सही पाई गईं। इसके बाद निगम की टीम ने संबंधित दुकानदारों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कुल 16,820 रुपये का ई-चालान वसूला।

जनशिकायतों पर तत्काल एक्शन

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन-2 जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। जोन स्वास्थ्य अधिकारी रवि लवनिया की उपस्थिति में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाजार क्षेत्र में निरीक्षण किया।

निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गीला और सूखा कचरा पृथक रखना, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाना और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करना जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों को भविष्य में दोबारा गलती पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

स्वच्छता नियमों का पालन नहीं किया तो होगी कार्रवाई

नगर निगम की टीम ने प्राप्त जनशिकायतों का मौके पर निरीक्षण कर निराकरण किया। निगम ने दुकानदारों से स्वच्छता नियमों का पालन करने और कचरे का सही तरीके से निपटान करने की अपील की है। साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई है।

नगर निगम की इस कार्रवाई से साफ है कि शहर में गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर अब सख्ती जारी रहेगी।