छत्तीसगढ़ में बाल श्रम के खिलाफ बड़ा एक्शन, बस से 16 बच्चे रेस्क्यू, नियोक्ता गिरफ्तार; नेटवर्क की जांच शुरू...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के त्वरित हस्तक्षेप के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन और स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट (SJPU) की संयुक्त टीम ने महज डेढ़ घंटे के भीतर अभियान चलाकर बस से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। मामले में एक नियोक्ता को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बच्चों को ले जाने वाले पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।

सूचना मिलते ही शुरू हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, 5 अगस्त की शाम छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा को सूचना मिली थी कि रायपुर से कुछ बच्चों को बस के माध्यम से बाल श्रम के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट और चाइल्ड हेल्पलाइन के अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर बस को रोकते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

बस में मिले 16 बच्चे

रेस्क्यू अभियान के दौरान बस में कुल 16 बच्चे मिले, जिनमें 7 बच्चे 14 से 16 वर्ष आयु वर्ग के नाबालिग बताए गए हैं। सभी बच्चे बैगा जनजाति से संबंधित हैं और राजनांदगांव तथा कबीरधाम जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित बाल आश्रय गृह में रखा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग और देखभाल की जा रही है।

मशरूम फैक्ट्री में काम कराने का आरोप

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चों को कचन्दूर स्थित मॉडर्न एग्रो मशरूम में काम कराने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। इस मामले में लक्ष्मण पटेल नामक नियोक्ता को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पूरे नेटवर्क की होगी जांच

छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आयोग ने कहा कि बाल श्रम, बाल तस्करी और बच्चों के शोषण के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।

1098 पर सूचना देने की अपील

आयोग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल श्रम या बाल तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते बच्चों को सुरक्षित बचाया जा सके |