नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता: झारखंड में 16 उग्रवादियों ने किया सरेंडर,सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को रांची में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सामने 16 नक्सलियों ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर करने वालों में 5 महिला नक्सली कैडर भी शामिल हैं।

 39 लाख के इनामी नक्सलियों ने डाले हथियार

पुलिस प्रशासन के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले 6 प्रमुख नक्सलियों पर कुल 39 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इन नक्सलियों के सरेंडर को राज्य में नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

 संतोष महतो उर्फ बासुदेव दा सबसे बड़ा नाम

इस आत्मसमर्पण में सबसे बड़ा नाम प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के रीजनल कमेटी सदस्य संतोष महतो उर्फ बासुदेव दा का है। संतोष महतो पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह विभिन्न जिलों के थानों में दर्ज 128 से अधिक मामलों में वांछित था।

पुलिस के मुताबिक, संतोष महतो हाल ही में मनोहरपुर और आसपास के जंगल क्षेत्रों में हुए आईईडी विस्फोट मामले में भी आरोपी था, जिसमें कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हुआ था।

10 लाख के इनामी चंदन लोहरा ने भी किया सरेंडर

वहीं, जोनल कमेटी सदस्य चंदन लोहरा ने भी पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। चंदन लोहरा पर 10 लाख रुपये का इनाम था और उसके खिलाफ 78 मामले दर्ज बताए गए हैं।

 हथियारों का बड़ा जखीरा पुलिस को सौंपा

आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने पुलिस को 6 इंसास राइफल, 2 एके-47 राइफल, 38 मैगजीन और 1,562 जिंदा कारतूस सौंपे।

नक्सल संगठन को बड़ा नुकसान

पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी उपलब्धि बताया है। अधिकारियों का कहना है कि सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति और लगातार चल रहे अभियानों के कारण नक्सली संगठन कमजोर हो रहे हैं। इस सामूहिक आत्मसमर्पण से झारखंड में नक्सल गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है।