व्हाट्सएप ग्रुप से संचालित सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, दो महिला सटोरी गिरफ्तार
त्वरित खबरें : ज़ाफ़रान खान रिपोर्टिंग

कवर्धा:- छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो महिला सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया, जहां से नगद राशि के साथ सट्टा संचालन में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की गई। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कवर्धा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 01, शिवाजी कॉलोनी में दबिश दी गई। यहां नंदिनी उर्फ नीलू गुप्ता को उसके घर के सामने अंकों पर सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके से सट्टा-पट्टी, नगद राशि और पेन जब्त किए गए। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 05, लोहाराना देवारपारा क्षेत्र में भी पुलिस ने अलग कार्रवाई करते हुए पूजा बांधेकर को सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ पृथक अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि दोनों महिला आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर विभिन्न ग्रुपों के माध्यम से अलग-अलग खाईवाली नामों से सट्टा संचालन कर रही थीं। उनके जरिए सट्टा खेलने और खिलाने वाले अन्य कई लोगों की पहचान भी सामने आई है, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी शीघ्र ही सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations