वैशाली नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जुआ खेलते 10 लोग गिरफ्तार, 9 मोबाइल और ₹44,100 बरामद
त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

भिलाई। दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 पत्ती ताश से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹44,100 नकद, 52 पत्ती ताश और 9 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टील नगर कैम्प-1 स्थित सत्य साई होटल के पास ए. सरस्वती के मकान में चंद्रकला उर्फ बुच्ची और कृष्णा देवी द्वारा जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी करते हुए रेड कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से 10 लोगों को 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस को देखकर कुछ आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन उन्हें तत्काल पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान जुआ फड़ से ₹44,100 नकद, 52 पत्ती ताश और 9 मोबाइल फोन बरामद किए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 4 और 5 में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक और आवासीय क्षेत्रों में संचालित जुआ, सट्टा तथा अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations