सदर बाजार, मालवीय रोड, पंडरी और पुरानी बस्ती में चला ट्रैफिक अभियान, क्रेन से हटाए गए सड़क किनारे खड़े वाहन
रायपुर। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। शहर के प्रमुख बाजारों में ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है, ताकि भीड़भाड़ और ट्रैफिक की स्थिति पर नजर रखी जा सके।
पुलिस ने सदर बाजार, मालवीय रोड, पंडरी और पुरानी बस्ती सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कार्रवाई की। इस दौरान सड़क किनारे और यातायात में बाधा बनकर खड़ी करीब 100 गाड़ियों को क्रेन की मदद से हटाया गया।
त्योहारों के समय बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में बेतरतीब पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बन जाती है और आम लोगों को परेशानी होती है। इसे देखते हुए पुलिस ने बाजारों में निगरानी बढ़ाई है।
ड्रोन से भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी के साथ यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य बाजारों में जाम की स्थिति रोकना, लोगों की आवाजाही आसान बनाना और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।

Facebook Conversations