नवरात्रि, विजयादशमी के बाद अब ईद व दीपावली में खरीदारी को लेकर बाजार सजकर तैयार हो गए हैं। कोरोना का असर कम होने के साथ ही इस बार लोग पहले से ही बाजारों तक पहुंच रहे हैं। इसके चलते सभी प्रमुख बाजारों में भीड़ जुट रही है। इन सबके बीच स्थानीय प्रशासन ने अब तक बाजारों की व्यवस्था में सुधार को लेकर कहीं कोई इंतजाम नहीं किए हैं।
जाँच पड़ताल में इसका खुलासा हुआ है। चारों निगमों से किसी ने भी अब तक कोई प्लान तैयार नहीं किया है। यातायात पुलिस ने मार्केट के अंदर वाहनों की आवाजाही रोकने पुलिसकर्मियों की तैनाती तक नहीं की गई है। बाजारों में बेतरतीब पार्किंग ने अभी से लोगों को परेशान कर दिया है। इसके अलावा बाजारों की सभी प्रमुख सड़कों पर दुकानें सजने लगी हैं। बाहर काउंटर लगाने की वजह से ट्रैफिक जाम हो रहा है। पुलिस ने भी गंभीरता नहीं दिखाई है।
खानापूर्ति की कार्रवाई से बढ़ी मुश्किलें : दुर्ग में 29 से 5 नवंबर तक पार्किंग के अलग इंतजाम का किया दावा
इंदिरा मार्केट-सराफा लाइन: सड़क किनारे अतिक्रमण किया जा रहा, जिसकी वजह से हो रहा ट्रैफिक जाम
शहर के प्रमुख इंदिरा मार्केट, सराफा लाइन, गांधी चौक में पार्किंग के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। इंदिरा मार्केट में साइकिल स्टैंड है, लेकिन वहां तक पहुंचना ही लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है। इन तीनों जगहों पर सड़क पर दुकानें सजने लगी हैं। कुआं चौक से पोलसाय पारा चौक तक सड़क के दोनों ओर सड़क पर दुकानें व स्वागत गेट लगा दिए गए हैं। इतना ही नहीं लुचकी पारा के करीब गुजराती धर्मशाला के सामने के मार्ग को ही बंद कर दिया गया है। इस वजह से लोगों को रविवार को खासी परेशानी उठानी पड़ी।
जवाहर मार्केट : पार्किंग के लिए जगह होने पर भी उपयोग नहीं हो पा रहा, व्यवस्ता बनाने किसी का ध्यान नहीं
कैंप-1 व 2, छावनी चौक, खुर्सीपार, जामुल क्षेत्र, सेक्टर एरिया के निवासी खरीददारी करने जवाहर मार्केट आते हैं। अंचल क्षेत्र के नंदिनी, अहिवारा, जामुल समेत तमाम क्षेत्रों के लोग खरीदारी के लिए यहां पहुंचते हैं। आने वाले दिनों में खरीदी करने वालों की संख्या में और इजाफा होने वाला है। हालांकि यहां पार्किंग की व्यवस्था के लिए लाल मैदान और पुलिस लाइन ग्राउंड है। लेकिन यातायात व्यवस्था संभालने के नियमित पुलिसकर्मी नहीं होने से लोग छोटे वाहनों को लेकर सीधे मार्केट में पहुंच रहे हैं।
सुपेला मार्केट : सड़क किनारे पसरा, ठेला और अन्य अतिक्रमण की वजह से रोज हो रहा ट्रैफिक जाम
सुपेला मार्केट में सामान्य सीजन में भी बाजार में भीड़ बनी रहती है। त्योहारी सीजन आते ही सड़कों पर पसरा और ठेला लगाने वालों की संख्या में इजाफा होने लगा है। इस बीच खरीदी के लिए आने वाले लोगों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। सुपेला क्षेत्र, कोहका, सेक्टर एरिया क्षेत्र के निवासी आकाश गंगा मार्केट में खरीददारी करने आते है। यहां पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से सामान्य दिनों में भी रश की स्थिति बनी रहती है। अब त्योहारी सीजन शुरू होने पर लोगों की आवक ज्यादा होने से जाम लग रहा है।
दुर्ग में इस बार भी पार्किंग के लिए जगह तय की गई
- दुर्ग पुलिस लाइन के ग्राउंड में व्यापारी अपने दो और चार पहिया वाहन खड़े कर सकेंगे।
- महात्मा गांधी स्कूल में भी व्यापारी और उनके कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की गई है।
- टीबी अस्पताल परिसर में बाजार आने वाले लोगों के वाहनों के लिए पार्किंग इंतजाम होंगे।
- गंजमंडी में पसरा वालों को दुकान लगाने के लिए जगह आरक्षित की गई।
भिलाई में भी अलग-अलग स्थलों पर पार्किंग तय
- सेक्टर 6 के ए मार्केट में आने वाले वाहनों के लिए सर्कुलर सड़कों के किनारे पार्किंग व्यवस्था रहेगी।
- सिविक सेंटर में खरीददारी करने वालों के लिए कला मंदिर के सामने ग्राउंड में पार्किंग दी जाएगी।
- सुपेला के आकाशगंगा के लिए दक्षिण गंगोत्री में पार्किंग व्यवस्था बनाई जाएगी।
- जवाहर मार्केट व पावर हाउस के लिए ब्रिज में जगह तय की।
ट्रैफिक पुलिस ने अपनी पूरी प्लानिंग कर ली है
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए प्लान बना लिया गया है। 29 अक्टूबर से प्लान को लागू कर दिया जाएगा। 5 नवंबर तक व्यापारी समेत आम लोगों को प्लान का पालन करना होगा। मार्केट में रांग साइड आने जाने वालों की गाड़ियां जब्त करके सीधे कोर्ट भेजेंगे। सड़क पर वाहन खड़े होने पर कार्रवाई की जाएगी।
-गुरजीत सिंह, डीएसपी ट्रैफिक
अभियान चलाकर कब्जा हटाने की कार्रवाई होगी
नवरात्र और दशहरा के बाद ही बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ना शुरू हो जाती है। इसके चलते अब बाजार संघ और कमेटियों के साथ बैठक कर प्लान तैयार किया है। इस संबंध ट्रैफिक पुलिस से बातचीत की जा रही है। जल्द अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
-अशोक द्विवेदी, अपर आयुक्त, नगर निगम भिलाई

Facebook Conversations