दुर्ग के प्रवेश द्वार जेल तिराहा के करीब ठगड़ाबांध के करीब 14 करोड़ रुपए की लागत से सौंदर्यीकरण जारी है। पर्यटन क्षेत्र के रूप में इसे विकसित किया जा रहा है। राशि से निर्माणाधीन ठगड़ा बांध पर्यटन स्थल का काम अफसरों के आपसी सामंजस्य की कमी के कारण अत्यंत धीमा हो गया है। विधायक अरुण वोरा के प्रयासों से राज्य शासन ने दो वर्ष पूर्व पिकनिक स्पॉट के लिए बड़ी राशि स्वीकृत की थी।
जिसका भूमिपूजन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किया गया था। किंतु आए दिन कार्ययोजना में परिवर्तन कर रोज नए निर्देश देने की वजह से निर्माण की समयावधि पूरी हो जाने के बाद भी अब तक आधा काम भी नहीं हो पाया है। गार्डन निर्माण, साइकिल ट्रैक, जॉगिंग ट्रैक, लैंडस्केपिंग एवं बच्चों के झूले ओपन जिम अब तक नहीं बन पाया है।
औचक निरीक्षण में पहुंचे विधायक वोरा ने इसे लेकर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि 6 करोड़ से अधिक का भुगतान हो जाने के बाद भी अब तक पिकनिक स्पॉट अपने स्वरूप में नहीं आ सका है। गार्डनिंग, लैंडस्केपिंग, बच्चों का उद्यान जल्द से जल्द पूरा कराएं, ताकि 1 जनवरी को मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पण कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता मोहनपुरी गोस्वामी, अंशुल पांडेय, गौरव उमरे, आयुष शर्मा मौजूद थे। वोरा ने कसारीडीह तालाब, लुचकी तालाब, डोंगिया तालाब, माता तालाब पोटिया, सिकोला तालाब, शीतला तालाब पोटिया एवं पोलसाय पारा तालाब का निरीक्षण भी गया। इनका जल्द सौंदर्यीकरण शुरू कराने के लिए निर्देशित भी किया। साथ ही इन सभी जगहों का प्रस्ताव तैयार कर जल्द स्वीकृति लेने निर्देशित किया।

Facebook Conversations