टाटा स्टील के बिजनेस हेड की हत्या का आरोपी ढेर, मुठभेड़ में सब इंस्पेक्टर भी जख्मी...
त्वरित ख़बरें -सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

टाटा स्टील के बिजनेस हेड विनय त्यागी की हत्या  करने वाले आरोपी को गाजियाबाद पुलिस ने मार गिराया है। पुलिस ने एनकाउंटर में बदमाश अक्की उर्फ दक्ष को ढेर कर दिया है। हालांकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी और एक सब इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए।यूपी के गाजियाबाद में बीते दिनों शालीमार गार्डन इलाके में टाटा स्टील के बिजनेस हेड (Tata Steel business head) विनय त्यागी की हत्या कर दी गई थी। विनय त्यागी का शव साहिबाबाद क्षेत्र के राजेंद्र नगर इलाके में नाले में मिला था। पुलिस का कहना है कि विनय त्यागी की हत्या लूट के बाद की गई थी।ट्रांस हिंडन डीसीपी ने बताया कि आज दिनांक 10 मई 2024 को थाना साहिबाबाद क्षेत्र में पुलिस और दो बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ की सूचना मिली। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी और एक सब इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल सब इंस्पेक्टर और आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं एक बाइक सवार बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इलाज के दौरान आरोपी की मौत हो गई है। उसका नाम अक्की उर्फ दक्ष निवासी सीलमपुर दिल्ली है। यह आरोपी 4 मई 2024 को थाना शालीमार गार्डन इलाके में हुई लूट व हत्या की घटना में वांछित था। इसके कब्जे से एक लूटा हुआ मोबाइल फोन व एक अवैध असलहा बरामद किया गया है।गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों को रोका तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। आरोपी दक्ष दिल्ली के सीलमपुर का रहने वाला था। शुक्रवार तड़के साहिबाबाद इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश दक्ष मारा गया।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations