तेज रफ्तार पिकअप का कहर: मॉर्निंग वॉक पर निकले दो लोगों की मौत, एक गंभीर
tvarit khabre : zafran khan reporting

जशपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर स्थित गम्हरिया गांव गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे से दहल उठा। सुबह करीब 6 बजे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन स्थानीय नागरिकों को एक तेज रफ्तार पिकअप ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान गम्हरिया निवासी लकड़ा मिस्त्री और हिरा मिस्त्री के रूप में हुई है। दोनों पेशे से वाहन मिस्त्री थे और क्षेत्र में काफी परिचित थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन तेज रफ्तार में था और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे सड़क किनारे पैदल चल रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations