शहर के बर्फानी मंदिर के सामने स्थित ठेकेदार नोहर सिन्हा के सूने मकान से करीब साढ़े तीन लाख रुपए की चोरी कर ली गई। घटना सोमवार-मंगलवार दरमियानी रात की है। पुलिस आरोपियों की पतासाजी में जुटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि वार्ड में रहने वाले ठेकेदार सिन्हा सोमवार की शाम अपने परिवार के साथ शादी में शामिल होने डोंगरगढ़ के भंडारपुर गए थे। जहां से परिवार के सभी सदस्य मंगलवार सुबह 6.30 बजे वापस लौटे। तब उन्होंने घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ पाया। इसके बाद उन्होंने भीतर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा हुआ था। कमरे के अंदर रखी आलमारी का ताला भी टूटा हुआ था, जहां से 2 लाख 13 हजार रुपए नकद सहित सोने और चांदी के जेवरातों की चोरी कर ली गई थी।
प्रार्थी सिन्हा ने मामले की सूचना तत्काल बसंतपुर थाने में दी। इसके बाद पुलिस की टीम ने पहुंचकर मौका मुआयना किया। पुलिस ने बताया कि अज्ञात आरोपी की पतासाजी शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। आशंका है कि चोरी की वारदात को लोकल गैंग ने ही अंजाम दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों व आसपास के लाेगों से पूछताछ की जा रही है। घटना स्थल की जांच की जा रही है।

Facebook Conversations