दुर्ग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सुशासन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित “सुशासन तिहार-2026” के अंतर्गत जिले के ग्रामीण अंचलों में लगातार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज जनपद पंचायत धमधा के ग्राम चीचा में विशाल जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के ग्रामीणों ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 578 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 300 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर लोगों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इस शिविर में 22 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इनमें भांठाकोकड़ी, डोड़की, चीचा, अरसी, सुखरीकला, लिटिया, पुरदा, गाड़ाडीह, सेमरिया, जोगीगुफा, हसदा, बिरेझर, खर्रा, टेमरी, फुण्डा, नवागांव, पथरिया, डोमा, पोटिया, सेवती, हिर्री और मड़ियापार सहित अन्य पंचायतों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों को संबंधित विभागों के समक्ष रखा तथा समाधान मिलने पर संतोष व्यक्त किया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस शिविर में क्षेत्रीय विधायक ईश्वर साहू ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली और समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को गांव-गांव तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। विधायक साहू ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनता परेशान होगी तो अधिकारियों को भी जवाबदेही निभानी होगी। साथ ही उन्होंने पंचायत सचिवों को पंद्रहवें वित्त आयोग की राशि का बेहतर उपयोग कर गांवों में विकास कार्यों को गति देने के सुझाव दिए। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। विधायक श्री साहू ने मनरेगा के 10 हितग्राहियों को जॉब कार्ड, 5 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबी, 5 लोगों को स्वामित्व योजना के प्रमाण पत्र, 4 हितग्राहियों को सामाजिक सहायता पेंशन स्वीकृति पत्र तथा 10 स्वच्छताग्राहियों को सम्मान पत्र प्रदान किए। इसके अलावा दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली तीन छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं परिवहन विभाग द्वारा 55 आवेदकों को मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत दुर्ग के उपाध्यक्ष पवन शर्मा, जनपद पंचायत धमधा के अध्यक्ष जीवन साहू, नगर पंचायत धमधा की अध्यक्ष श्वेता अग्रवाल, एसडीएम सोनल डेविड, तहसीलदार बोरी तारासिंह खरे, जनपद पंचायत के सीईओ किरण कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Facebook Conversations