सुपेला में शराब के लिए वसूली कर हेल्पर पर चाकू से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार; एक नाबालिग भी पुलिस की गिरफ्त में
त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगने और विरोध करने पर हेल्पर पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने एक अपचारी बालक सहित तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि अपचारी बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई की शाम एक टाटा एस वाहन से मेडिकल सामग्री की डिलीवरी की जा रही थी। मौर्या टॉकीज के पास बंधन बैंक के सामने वाहन खड़ा कर हेल्पर दीपक मंडावी पार्सल उतार रहा था। इसी दौरान एक अपचारी बालक और दो युवक वहां पहुंचे तथा शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगने लगे।

पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान अपचारी बालक ने धारदार हथियार से हेल्पर दीपक मंडावी के बाएं हाथ की कोहनी के पास वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

मामले में सुपेला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 994/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने एक अपचारी बालक को मौके से अभिरक्षा में लिया, जबकि अन्य दो आरोपियों महेश सागर (20 वर्ष) और हरप्रीत सिंह उर्फ वंश (19 वर्ष) को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है। दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि अपचारी बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जबरन वसूली, मारपीट, धमकी या किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations