सर्राफा व्यापारी से कोरोड़ों की लूट : कारोबारी की कार बरामद, एसोशिएशन अध्यक्ष ने की सुरक्षा की मांग, इधर कांग्रेस ने विधायक से मांगा इस्तीफा
त्वरित खबरें - रुची सिंह रिपोर्टिंग

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में बीती रात हुई करोड़ों की सनसनीखेज लूट ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. राजकिशोर नगर में महालक्ष्मी ज्वेलरी शॉप के संचालक संतोष तिवारी पर जानलेवा हमला कर लुटेरे करीब 3.35 करोड़ रुपये के जेवर और नकदी से भरी कार लेकर फरार हो गए थे. पुलिस ने उरतुम के पास से व्यापारी की कार बरामद कर ली है, हालांकि, लुटेरे कार में रखा करोड़ों का सोना और कैश लेकर भागने में सफल रहे. वारदात के बाद एक तरफ सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष ने व्यापारियों के लिए सुरक्षा की मांग की है. वहीं कांग्रेस ने बिगड़ती कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए स्थानीय विधायक से इस्तीफे की मांग कर दी है.

रैकी कर दिया वारदात को अंजाम, 3.35 करोड़ की लूट

पुलिस से जानकारी के अनुसार, सराफा कारोबारी संतोष तिवारी रोजाना की तरह दुकान बंद कर अपनी कार से घर लौट रहे थे. लुटेरों ने पहले से ही उनकी रैकी की थी और उनके रूट की पूरी जानकारी उनके पास थी. वसंत विहार चौक के पास हमलावरों ने व्यापारी पर हमला किया और उनकी कार समेत 2 किलो 200 ग्राम सोना, 3.50 लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लूट लिया. कुल मशरूका करीब 3 करोड़ 35 लाख रुपये बताई जा रही है. वहीं इस वारदात में घायल कारोबारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

CCTV में कैद हुए लुटेरे

पुलिस को घटना के कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं. सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार लुटेरे दुकान बंद होने के समय से ही व्यापारी का पीछा करते नजर आ रहे हैं. वहीं, मौके पर पहुंचे स्निफर डॉग ने गंध सूंघने के बाद ओम पैलेस अटल आवास की तरफ दौड़ लगाई, जिससे आरोपियों के भागने की दिशा का पता चला है. पुलिस की कई टीमें अलग-अलग इलाकों में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश में जुटी हैं.

सराफा एसोसिएशन में आक्रोश

मामले में सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने आईजी रामगोपाल गर्ग से फोन पर चर्चा कर घटना की पूरी जानकारी साझा की. कमल सोनी ने कहा कि यह घटना बिलासपुर के इतिहास की सबसे बड़ी लूट की वारदात है, जिसने व्यापारी समुदाय को स्तब्ध कर दिया है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और व्यापारियों की सुरक्षा की मांग की है।

क्षेत्र के विधायक से इस्तीफे की मांग

वहीं पूर्व विधायक शैलेश पांडे ने शहर की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार और स्थानीय विधायक अमर अग्रवाल पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने विधायक से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि बिलासपुर अपराध का गढ़ बनता जा रहा है और जनता को सुरक्षा के नाम पर धोखा दिया गया है.

YOUR REACTION?

Facebook Conversations