दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक पर धारदार बटनदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:10 बजे परमेश्वर ढीमर अपने साथियों के साथ ग्राम जेवरा के तालाब किनारे बैठा था। इसी दौरान गांव का रहने वाला दुलेश्वर टंडन उर्फ दुलरवा (23 वर्ष) वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा।
जब परमेश्वर ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपी आगबबूला हो गया। पहले उसने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी, फिर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे बटनदार धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे युवक के सीने, बाईं जांघ और हाथ की उंगली में गंभीर चोटें आईं।
पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन
घटना की सूचना मिलते ही चौकी जेवरा सिरसा पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार बटनदार हथियार भी बरामद कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। किसी भी आपराधिक घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 या निकटतम पुलिस थाने को दें। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग के जेवरा सिरसा में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक पर धारदार बटनदार हथियार से हमला। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किया।

Facebook Conversations