दुर्ग| पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवनाथ नदी किनारे चल रहे जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। थाना दुर्ग कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत करहिडीह इलाके में पुलिस ने दबिश देकर सात लोगों को रंगे हाथों जुआ खेलते गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, मोबाइल फोन, मोटर साइकिल और एक्टिवा समेत कुल 1 लाख 24 हजार 770 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच डर का माहौल देखा गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि शिवनाथ नदी किनारे करहिडीह क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से कुल सात व्यक्तियों को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में लालचंद ढीमर, अमित कुमार चौबे, संतोष कुमार शुक्ला, अविनाश चंदेल्वार, हिमाचल दास, धनराज कुहीकर और चिनु ठाकुर शामिल हैं। सभी आरोपी दुर्ग और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुए के फड़ से 43 हजार 270 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, 8 मोबाइल फोन, 2 मोटर साइकिल और 2 एक्टिवा जब्त किए। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) तथा धारा 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक खगेंद्र पठारे, प्रधान आरक्षक रेवती रमन सिंह, आरक्षक वीरेंद्र यादव, विक्रम सिंह भदोरिया और संतेश कुमार साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी जुआ, सट्टा या अन्य गैरकानूनी गतिविधियां संचालित होती दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।

Facebook Conversations