पाली: ऐतिहासिक नगरी पाली में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज पाली महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में शाम करीब 7 बजे पाली शिव मंदिर घाट में शिव आरती और दीपोत्सव ने माहौल को मंत्रमुग्ध कर दिया। पाली के ऐतिहासिक शिव मंदिर और सरोवर के चारों ओर जगमगाती दीपों की रौशनी ने धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। भव्य आतिशबाजी ने समारोह की रौनक और बढ़ा दी।
मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, श्रम, उद्योग, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के नेतृत्व में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान गंगा आरती और धूप आरती ने धार्मिक माहौल को और गहरा किया। मंत्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में विधायक कटघोरा श्री प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार श्री तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, नगर पंचायत पाली के अध्यक्ष श्री अजय जायसवाल, ग्राम पंचायत केराझरिया की सरपंच श्रीमती गिरजा सत्यनारायण पैंकरा, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

Facebook Conversations