शीतला मंदिर-नेहरू उद्यान के पास से हटा अतिक्रमण, पानी निकासी के लिए निगम की कार्रवाई
राजनांदगांव, 18 जुलाई। शहर में बारिश के दौरान सुचारू जल निकासी और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में शीतला मंदिर-नेहरू उद्यान के पास अनाधिकृत रूप से लगाए गए ठेलों को निगम के अतिक्रमण दस्ते ने हटाया। वहीं ममता नगर रोड स्थित अंडरब्रिज के पास जल निकासी में बाधा बन रहे चबूतरे को भी जेसीबी की मदद से तोड़ा गया।
नगर निगम के अनुसार, शीतला मंदिर और नेहरू उद्यान के आसपास 5-6 ठेले अवैध रूप से लगाए गए थे, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था और क्षेत्र में गंदगी भी फैल रही थी। निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम के निर्देश पर अतिक्रमण दस्ते ने मानव गैंग और जेसीबी की सहायता से ठेलों को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया।
इसके अलावा ममता नगर रोड के अंडरब्रिज के पास पानी की निकासी में आ रही रुकावट को दूर करने के लिए प्लेटफॉर्म (चबूतरे) को हटाया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहरभर में अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने नागरिकों और व्यापारियों से शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि सड़क, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर ठेला, खोमचा या अन्य प्रकार का अतिक्रमण न करें। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है और बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होती है।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर मलबा या निर्माण सामग्री रखने से गंदगी फैलती है। निगम का अतिक्रमण दस्ता लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसलिए संबंधित लोग स्वयं ही अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा निगम बिना पूर्व सूचना के कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाएगा और नियमानुसार जुर्माना भी वसूलेगा।

Facebook Conversations