राजनांदगांव 12 मई 2022। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम आलीवारा के गौठान, लाल बहादुर नगर के बैंक, निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अछोली, डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम पेटे स्थित गौठान का निरीक्षण किया। शासन की लोकहितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन के जमीनी स्तर पर आकलन करने के लिए कलेक्टर ने आज सघन दौरा किया। इसी कड़ी में कलेक्टर सिन्हा ग्राम आलीवारा में गौठान पहुंचे। इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दलेश्वर साहू ने उन्हें गौठान के संबंध में जानकारी दी। विधायक साहू ने सरपंच को पंचों की बैठक लेकर समन्वय बनाते हुए गौठान निर्माण के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिन्हा ने अधिकारियों से कहा कि सुराजी गांव योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है और इसके क्रियान्वयन के लिए तत्परतापूर्वक कार्य करें। इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के नये रास्ते खुलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सचिव को भवन निर्माण तथा वर्कशेड जल्दी पूरा करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने गौठान में बोरिंग कराने, फेसिंग कराने के लिए कहा। गौठान में गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। अधूरे वर्कशेड को 15 दिन में पूरा करने तथा महिला स्वसहायता समूह के लिए सब्जी बाड़ी निर्माण करने के लिए कहा। उन्होंने गौठान के निर्माण एवं प्रगति की मॉनिटरिंग के लिए बीपीएम को प्रभारी नियुक्त किया। उन्होंने डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम पेटे गौठान का भी अवलोकन किया। समूह की महिलाओं ने बताया कि वर्मी कम्पोस्ट निर्माण से उन्हें 1 लाख 70 हजार रूपए की राशि प्राप्त हुई है और वे गौठान में अन्य कार्य भी करना चाहते हैं। कलेक्टर ने वहां सब्जी बाड़ी विकसित करने के लिए समूह की महिलाओं को प्रोत्साहित किया।
जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक का लिया जायजा -
मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 6 एकड़ में बंजर जमीन में किए गए पौधरोपण का किया निरीक्षण -
मनरेगा के महिला श्रमिकों से हुए रूबरू -
कलेक्टर सिन्हा ने लालबहादुर नगर में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक का जायजा लिया। वहां उन्होंने किसानों से बातचीत की एवं व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड से खेती-किसानी के लिए ऋण लेने आए हैं। कलेक्टर ने बैंक के प्रबंधक को किसानों के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। कलेक्टर सिन्हा ने लालबहादुर नगर में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 6 एकड़ में बंजर जमीन में किए गए पौधरोपण का निरीक्षण किया। वहां पौधों को पानी देने की समुचित व्यवस्था की गई थी। कटहल, अमरूद, नीबू, मुनगा सहित विविध प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। वहां बड़ी संख्या में मनरेगा अंतर्गत श्रमिक महिलाएं कार्य कर रही थी। कलेक्टर ने श्रमिक महिलाओं से कार्य के संबंध में बात की।
ढाई करोड़ रूपए की लागत से अछोली में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का लिया जायजा -
सीएससी एवं नवीन बुनाई प्रशिक्षण केन्द्र का किया
कलेक्टर ने कॉमन सर्विस सेंटर का अवलोकन किया और वहां स्कैनर खरीदने के निर्देश दिए तथा साफ-सफाई की व्यवस्था करने के लिए कहा। उन्होंने वहां आय, जाति, निवास, पेनकार्ड के लिए दी जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्रामोद्योग हाथकरघा विभाग द्वारा संचालित समग्र हाथकरघा विकास योजना के अंतर्गत नवीन बुनाई प्रशिक्षण केन्द्र का जायजा लिया। जहां महिलाओं को बुनाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है और वे चादर, टॉवेल जैसे कपड़ों का निर्माण कर रही है। कलेक्टर ने महिलाओं द्वारा आत्मनिर्भर होने के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। कलेक्टर ने ढाई करोड़ रूपए की लागत से अछोली में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का जायजा लिया। उन्होंने वहां ज्यादा श्रमिक कार्य पर लगाकर इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 10 बिस्तर सामुदायिक स्वास्थ्य के निर्माण से इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी। स्टाफ क्वाटर का भी निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री लोकेश चंद्राकर, एसडीएम डोंगरगढ़ गिरीश रामटेके, उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. राजीव देवरस, सहायक संचालक उद्यानिकी राजेश शर्मा, सहायक संचालक कृषि टीकम ठाकुर, तहसीलदार राजू पटेल, जनपद सीईओ गिरजा ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर लालबहादुर नगर में आयोजित राजस्व शिविर में
जनसामान्य से हुए रूबरू
- समस्याओं के हरसंभव निराकरण का दिया आश्वासन
- बुजुर्ग राजभान ने त्वरित रूप से एटीएम प्राप्त होने पर खुशी जाहिर की
- नवीन राजस्व ग्राम कुहीकोड़ा के रिकार्ड निर्माण एवं संधारण कार्य में गति लाने हेतु एक राजस्व निरीक्षक की नियुक्ति करने के दिए निर्देश
- शासन की विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी
राजनांदगांव 11 मई 2022। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आम जनता को लाभान्वित करने के लिए जिले में जनसमस्या निवारण शिविर लगाये जा रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा आज लालबहादुर नगर में आयोजित राजस्व शिविर में शामिल हुए। इस दौरान कलेक्टर से जनसामान्य रूबरू हुए और उन्हें अपनी मांग एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी दी। कलेक्टर ने ग्रामीणों को समस्या के हरसंभव निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता को मिले इस मंशा के साथ शिविर का आयोजन किया गया है। इसके जरिए जनसामान्य अपनी समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण कर सकते हैं। वहीं उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी शिविर में मिलती है, जिससे वे लाभान्वित हो सकते हैं। इस दौरान ग्राम रामपुर के श्री राजभान की समस्या का त्वरित निराकरण करते हुए एटीएम प्रदान किया गया। बुजुर्ग राजभान ने एटीएम प्राप्त होने पर खुशी जाहिर की। इस दौरान किसानों को किसान किताब का भी वितरण किया गया। कलेक्टर ने उप सरपंच की मांग पर नवीन राजस्व ग्राम कुहीकोड़ा के रिकार्ड निर्माण एवं संधारण कार्य में गति लाने हेतु एक राजस्व निरीक्षक की नियुक्ति करने के लिए निर्देशित किया।
शिविर में शासकीय आयुर्वेदिक विभाग के स्टाल में भगवानी पटेल अपने जोड़ों के दर्द के ईलाज के लिए आए हुए थे। वहां महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, शिक्षा विभाग तथा पुलिस विभाग के नार्कोटिक्स व ड्रग्स के खिलाफ पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए गए निजात अभियान का भी स्टाल लगाया गया। शिक्षा विभाग के स्टाल में बच्चों के शैक्षिक छात्रवृत्ति, एकलव्य, प्रयास, कन्या शिक्षा परिसर एवं आवासीय विद्यालय तथा दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष छात्रवृत्ति एवं उपकरण के संबंध में जानकारी दी गई। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष भावेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, एसडीएम डोंगरगढ़ गिरीश रामटेके, तहसीलदार राजू पटेल, जनपद सीईओ गिरजा ठाकुर, नायब तहसीलदार भूपेन्द्र नेताम, सरपंच हीरा सोनी अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
नवनिर्मित गौठानों को रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क के रूप
में करें विकसित - कलेक्टर
- कलेक्टर ने डोंगरगढ़ के विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक
- गौठान में बाड़ी, मशरूम उत्पादन एवं पशुपालन, मत्स्य पालन, हाथकरघा जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दें
- स्कूल के रख-रखाव, खेल सामग्री एवं इको क्लब की राशि में अनियमितता की शिकायत मिलने पर स्कूल के प्राचार्य के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
- स्कूल खुलने के पहले रंग-रोगन कराएं एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें
- लालबहादुर नगर के स्कूल के जीर्णोद्धार का कार्य गंभीरतापूर्वक करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव 11 मई 2022। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज डोंगरगढ़ विश्राम गृह में सभी विभाग के विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने नवनिर्मित गौठानों में गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोबर खरीदी प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौठान में पानी की व्यवस्था होनी चाहिए। वर्मी कम्पोस्ट निर्माण के अलावा गौठान में बाड़ी, मशरूम उत्पादन एवं पशुपालन, मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि गौठानों को रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क के रूप में विकसित करना है जिससे समूह की महिलाओं को आजीविका मिलने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी। गौठान में हाथकरघा कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। एसडीओ ने जानकारी देते हुए बताया कि डोंगरगढ़ क्षेत्र में 167 कार्य स्वीकृत है और 121 में कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि पेयजल के लिए कुल 236 हेण्ड पंप है। गर्मी के कारण जल का स्तर कम हुआ है। समस्या आने पर इसका तुरंत निराकरण किया जा रहा है।
कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि शासन द्वारा स्कूल के प्राचार्यों को स्कूल के रख-रखाव, खेल सामग्री एवं इको क्लब के लिए राशि प्रदान की जाती है। कुछ स्कूलों में रसीद लेकर भुगतान करने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई है। किसी भी स्कूल में ऐसी अनियमितता की शिकायत मिलने पर स्कूल के प्राचार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्कूल खुलने के पहले रंग-रोगन कराएं एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। राजीव युवा मितान क्लब के लिए अगले 10 दिन में खाता खुलना चाहिए। क्लब के सदस्य ट्रीगार्ड बनवाए एवं तालाब उद्यान एवं अन्य स्थानों पर वृक्षारोपण करें। वन विभाग के अधिकारी से गौठान में गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोबर खरीदी प्रारंभ करने के निर्देश दिए। धान के उठाव, बिजली की समस्या सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। कलेक्टर ने एसडीओ से कहा कि लालबहादुर नगर के जीर्णशीर्ण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के जीर्णोद्धार के लिए शासन से डेढ करोड़ रूपए की राशि आबंटित की गई है। उन्होंने एसडीओ से कहा कि गंभीरतापूर्वक कार्य करते हुए स्कूल के निर्माण के लिए शीघ्र कार्य करें। उन्होंने जर्जर आंगनबाड़ी केन्द्रों के संबंध में जानकारी ली। महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी से गंभीर कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश दिए। गंभीर कुपोषित बच्चों को उन्हें पौष्टिक आहार दें। एनीमिक गर्भवती माताओं और किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री लोकेश चंद्राकर, एसडीएम डोंगरगढ़ गिरीश रामटेके, तहसीलदार राजू पटेल, जनपद सीईओ गिरजा ठाकुर, बीपीएम चंद्रभान मन्नाडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
वन संसाधन अधिकार का मूल्यांकन करने केन्द्रीय टीम जिले के भ्रमण पर
राजनांदगांव 11 मई 2022। वन अधिकार अधिनियम 2006 के अंतर्गत प्रावधानित सामुदायिक वन संसाधन पर शोध एवं मूल्यांकन करने केन्द्रीय टीम जिले के भ्रमण पर है। केन्द्रीय टीम 10 अप्रैल को यहां पहुची है। इनके द्वारा 12 मई तक जिले में भ्रमण कर इससे सम्बंधित कार्यो के मूल्यांकन किया जाएगा। भारत सरकार राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग द्वारा अन्वेषक डॉ. गजेन्द्र गुप्ता व श्री योगेश अड़किने एवं सचिव छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग केएस धु्रव इस कार्य के लिए नियुक्त किया गया है।
जिले के भ्रमण के दौरान इनके द्वारा गत दिवस मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा एवं डी एल सी के सदस्यों के साथ आवश्यक चर्चा किया गया। अन्वेषक दल में पंचायत अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार पर शोध एवं मूल्यांकन राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग व तीर फाउंडेशन के सदस्य शामिल है। बैठक सह चर्चा के दौरान वनमंडलाधिकारी खैरागढ़ दिलराज प्रभाकर, वनमंडलाधिकारी राजनांदगांव सलमा फारूखी, जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय सहित जिला पंचायत के सदस्य नरसिंह भंडारी, राधिका अंधारे, ललिता कंवर उपस्थित थी।
Facebook Conversations