रेल चौक का गार्डन बदहाल: प्लास्टिक और शराब की बोतलों के बीच दम तोड़ रही हरियाली
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

भिलाई ,के सिविक सेंटर स्थित रेल चौक के पास बना बगीचा, जो कभी शहर की हरियाली और स्वच्छ वातावरण का प्रतीक माना जाता था, आज बदहाली का शिकार हो गया है। यहां चारों ओर प्लास्टिक के पाउच, शराब की खाली बोतलें और अन्य कचरा बिखरा पड़ा है। हालत यह है कि सैकड़ों पेड़ों के बीच फैली हरियाली अब कचरे और प्लास्टिक के ढेर के नीचे दबती जा रही है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह दृश्य किसी सुनसान या उपेक्षित क्षेत्र का नहीं, बल्कि शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण स्थानों में से एक रेल चौक का है। इस बगीचे के ठीक सामने भिलाई नगर थाना और नगर पुलिस अधीक्षक का कार्यालय स्थित है। इसके बावजूद यहां लगातार गंदगी फैल रही है और असामाजिक तत्वों द्वारा शराबखोरी की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बगीचे की नियमित सफाई और निगरानी नहीं होने के कारण इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। हरियाली को बचाने और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए जिम्मेदार विभागों की उदासीनता भी साफ दिखाई दे रही है। बगीचे में फैले कचरे से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि आसपास का सौंदर्य भी प्रभावित हो रहा है।

ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब कानून-व्यवस्था संभालने वाले कार्यालयों के सामने ही सार्वजनिक संपत्ति और हरियाली की यह स्थिति है, तो शहर के अन्य हिस्सों की देखरेख किस तरह हो रही होगी। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बगीचे की तत्काल सफाई कराई जाए, शराबखोरी पर रोक लगाई जाए और इस हरित क्षेत्र को फिर से उसकी पुरानी पहचान दिलाई जाए।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations