रायपुर ,पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दिलीप सुरेश ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी सीबी साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 LH 9343) दिनांक 14.05.2026 को नगर पालिक निगम कार्यालय के बाहर से अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 243/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान आजाद खान के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सीबी साइन मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 40,000 रुपये बताई गई है, बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आजाद खान पिता सत्तार खान, उम्र 57 वर्ष, निवासी अंबेडकर चौक, थाना गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

Facebook Conversations