रायपुर। रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा की बैठक के समापन पर पद्म विभूषण से सम्मानित सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई के आकस्मिक निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन में आयोजित बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ के शोक प्रस्ताव पर महापौर मीनल चौबे, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, आयुक्त संबित मिश्रा, एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष, पार्षद, एल्डरमेन, नगर निगम सचिव संगीता साहू, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि तथा अन्य उपस्थित लोगों ने तीजन बाई को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि तीजन बाई का निधन केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के संगीत और लोक संस्कृति जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने पंडवानी गायन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई तथा छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति को विश्व पटल पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा उनके परिजनों और शुभचिंतकों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Facebook Conversations