रायपुर। शासन की महत्वाकांक्षी 'सेवा सेतु' परियोजना के तहत ट्रेड लाइसेंस और राशन कार्ड से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए रायपुर नगर निगम में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नागरिकों को सरल, पारदर्शी और त्वरित ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम उप आयुक्त (राजस्व) के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें चिप्स (CHiPS) कार्यालय के आशीष साहू और ईडीएम कीर्ति की टीम ने प्रशिक्षण दिया। इसमें रायपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी चॉइस सेंटर संचालकों और नगर निगम के सभी 10 जोनों के सहायक राजस्व अधिकारियों (एआरओ) ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और चॉइस सेंटर संचालकों को निर्देश दिए गए कि ट्रेड लाइसेंस के आवेदन के लिए केवल दो आवश्यक दस्तावेज—पहचान पत्र (आई-कार्ड) और संपत्ति से संबंधित दस्तावेज—ही लिए जाएं। आवेदकों से अनावश्यक दस्तावेज नहीं मांगे जाएं और बिना उचित कारण किसी भी आवेदन को वापस न किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान चॉइस सेंटर संचालकों और जोन स्तर के अधिकारियों द्वारा बताई गई तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का भी चिप्स और ईडीएम की टीम ने समाधान किया। प्रशिक्षण में आवेदन प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
सेवा सेतु परियोजना से संबंधित तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हेल्पलाइन और ई-मेल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
हेल्पलाइन नंबर: 0771-2992035
ई-मेल: sewasetu.helpline@cgchips.in

Facebook Conversations