रायपुर ,पुलिस कमिश्नरेट की पिंक पेट्रोल यूनिट ने अपनी सतर्कता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए भटके हुए दो वर्षीय मासूम बच्चे को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। इस सराहनीय कार्य के लिए बच्चे के परिवार ने रायपुर पुलिस और पिंक पेट्रोल टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को उत्तर जोन की पिंक पेट्रोल टीम थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के कर्मा चौक में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को सड़क किनारे एक लगभग दो वर्षीय बालक अकेला रोते हुए मिला। बच्चा काफी छोटा होने के कारण अपना नाम और अपने माता-पिता की जानकारी नहीं बता पा रहा था।
पिंक पेट्रोल टीम ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। लगातार प्रयास के बाद बच्चे के चाचा रोहन ध्रुव की जानकारी मिली, जिन्हें मौके पर बुलाकर बच्चे की पहचान कराई गई। इसके बाद बच्चे के माता-पिता पूजा ध्रुव और हीराधार ध्रुव को सूचना देकर बुलाया गया। आवश्यक सत्यापन के बाद मासूम को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट और पिंक पेट्रोल यूनिट की तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया। रायपुर पुलिस ने कहा कि पिंक पेट्रोल यूनिट महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा हर आपात स्थिति में सहायता के लिए लगातार सक्रिय और प्रतिबद्ध है।

Facebook Conversations