रायपुर में अवैध निर्माण पर निगम का बुलडोजर: कुशालपुर में बिना अनुमति बने G+1 कॉमर्शियल भवन को तोड़ा
त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में नगर निगम के जोन-5 नगर निवेश विभाग ने कुशालपुर रिंग रोड नंबर-1 स्थित करीब 1500 वर्गफुट भूमि पर बिना अनुमति बनाए गए जी+1 (G+1) व्यावसायिक भवन को नोटिस जारी करने के बाद जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर दिया।

यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई। नगर निगम के अनुसार, सुनील खंडेलवाल द्वारा बिना आवश्यक अनुमति के लगभग 1500 वर्गफुट भूमि पर जी+1 व्यवसायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा था, जो नगर निगम के नियमों का उल्लंघन था।

नियमानुसार निर्माणकर्ता को पहले नोटिस जारी किया गया। इसके बाद जोन-5 के जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र प्रताप सिंह, उप अभियंता टिकेंद्र चंद्राकर तथा नगर निगम के अन्य अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की गई।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण और भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी प्रकार का भवन निर्माण शुरू करने से पहले नगर निगम से आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations