रायपुर/धरसीवां। राजधानी रायपुर के धरसीवां इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक टाटा मैजिक वाहन से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को देखकर वाहन में सवार लोग गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात धरसीवां पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी ग्रामीण क्षेत्र के सुनसान रास्तों पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम कुंवरगढ़ से परसतराई की ओर नहर मार्ग से गुजर रही थी। तभी सामने से एक टाटा मैजिक सवारी वाहन आता दिखाई दिया। वाहन के पीछे दो बाइक भी चल रही थीं।
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही वाहन और बाइक सवारों की नजर पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी पर पड़ी, वे अचानक भागने लगे। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर उनका पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख आरोपियों ने टाटा मैजिक वाहन रास्ते में ही छोड़ दिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मैजिक वाहन के अंदर मिली लाश
पुलिस जब टाटा मैजिक के पास पहुंची और वाहन की तलाशी ली तो उसके अंदर एक अज्ञात व्यक्ति का शव देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।
पेट्रोलिंग टीम ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी एसपी ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और धरसीवां थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान को दी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर शव को कब्जे में लेकर वाहन को थाने लाया गया।
हत्या या कोई और वजह? जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या की आशंका समेत कई एंगल से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस की एक टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही शव की पहचान कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। पुलिस टाटा मैजिक वाहन के नंबर, उसके मालिक और घटना के समय वाहन में मौजूद लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा
सुनसान नहर मार्ग पर पुलिस को लावारिस हालत में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक कौन है और उसकी मौत कैसे हुई। मामले में जल्द ही बड़ा खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

Facebook Conversations