रायपुर- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंची है | इस दौरान ईश्वरीय प्रजापिता ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय के वार्षिकोत्सव में शामिल होने शांति सरोवर आश्रम पहुंची | शांति सरोवर रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जय जोहार कहकर अपने उद्बोधन की शुरुआत की |कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, पूरी मानवता के कल्याण के लिए ब्रह्मकुमारी परिवार बहुत अच्छा कार्य कर रहा है | मैं इसके लिए बधाई देती हूं |सकारात्मक परिवर्तन को लेकर यह कार्यक्रम शुरू हुआ है और मैं आज यहां आप सभी के बीच में भी हूं |
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा, मैं यहां पहले भी आ चुकी हूं. फिर से बुलाने के लिए आप सभी को धन्यवाद, छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया, एक ओर हमारा देश नित-नई ऊंचाइयों को छू रहा है, चांद पर तिरंगा लहरा रहा है या विश्वस्तर खेल में कीर्तिमान रच रहा है | हमारे देशवासी अनेक नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं, दूसरी ओर एक अत्यंत गम्भीर विषय है कुछ दिन पहले नीट की तैयारी कर रहे दो विद्यार्थियों ने अपने जीवन, अपने सपनों अपने भविष्य का अंत कर दिया |ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए, बल्कि हमें प्रतिस्पर्धा को सकारात्मक रूप से लेना चाहिए, हार-जीत तो होती रहती है |
उन्होंने कहा, बच्चों में कांपिटिशन का प्रेशर है, जितना जरूरी उनका करियर है उतना ही जरूरी है कि वे जीवन की चुनौतियों का सामना कर सकें. मुझे लगता है कि इस पाजिटिव थीम की सहायता से हम उन बच्चों की मदद कर सकते हैं, जो बच्चे आधी-अधूरी जिंदगी जी कर चले जाते हैं| हर बच्चे में अपनी विशिष्ट प्रतिभा है| अपनी रुचि को जानकर इस दिशा में आगे बढ़ सकते हैं |

Facebook Conversations