प्रेम विवाह का दुखद अंत : आपसी विवाद पर पत्नी की हत्या
त्वरित खबरे

डोंगरगांव   09 मई 2022  

डोंगरगांव इलाके के ग्राम आतरगांव में पति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। हत्या की वजह आपसी विवाद को बताया गया। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति ने खुद ही पुलिस को सूचना देकर सरेंडर कर दिया।

घटना शनिवार दोपहर की है। जानकारी मुताबिक आतरगांव में रहने वाले धनेश्वर साहू (25) ने कुछ साल पहले रोशनी साहू (22) से प्रेम विवाह किया था। अचानक रोशनी की मानसिक हालत बिगड़ने लगी। इसके चलते दोनों के बीच विवाद होता रहता था। शनिवार सुबह भी दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। इससे आक्रोशित होकर धनेश्वर साहू ने अपनी पत्नी रोशनी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी का हाथ पैर रस्सी से बांधा, इसके बाद धारदार बसुला से उसके गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। बसुला के वार से रोशनी का सिर धड़ से अलग हो गया।

परिजनों और पुलिस को खुद दी सूचना
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी धनेश्वर खुद ही परिवार के सदस्यों और पुलिस को इसकी सूचना दी। धनेश्वर ने बताया कि मानसिक रुप से बीमार पत्नी उससे आए दिन झगड़ा कर रही थी। इससे वह भी परेशान हो गया था। इसके चलते उसने यह कदम उठा लिया। धनेश्वर ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। डोंगरगांव पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

आरोपी को जेल, 2 साल की बच्ची बेसहारा
धनेश्वर और रोशनी ने प्रेम विवाह किया था। धनेश्वर पहले ही परिवार से अलग रहता था। उसके दो भाई और माता-पिता भी हैं। जो अलग घर में रहते हैं। दोनों की दो साल की बच्ची है। कुछ पल के आक्रोश में जहां रोशनी की मौत हो गई। धनेश्वर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनकी बच्ची बेसहारा हो गई है। फिलहाल परिवार संग है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations