प्रधानमंत्री मोदी ने किया बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, 6 करोड़ की लागत से हुआ आधुनिकीकरण
त्वरित खबरें :- अमित यादव

बालोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पंजाब के जालंधर छावनी से देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ के बालोद, सरोना और चांपा रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किए गए। लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बालोद रेलवे स्टेशन अब यात्रियों को बेहतर और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।

बालोद रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित लोकार्पण समारोह में कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन और रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों और नागरिकों ने भी भाग लिया।

सांसद भोजराज नाग ने इसे बालोद जिले के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बालोद रेलवे स्टेशन का आधुनिक स्वरूप जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि रेलवे के विस्तार और आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं तथा रावघाट से आगे जगदलपुर तक रेल लाइन विस्तार का कार्य भी क्षेत्र के विकास को नई गति देगा।

पूर्व राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग सदस्य यशवंत जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि बालोद जैसे छोटे शहर को आधुनिक रेलवे स्टेशन की सौगात मिलना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी बताया कि पाररास रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू होगा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना पर आयोजित पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को सम्मानित किया गया।

स्टेशन पर मिली ये आधुनिक सुविधाएं

आधुनिक स्टेशन भवन एवं आकर्षक प्रवेश द्वार

विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया

आधुनिक फुट ओवर ब्रिज

4 नए प्लेटफॉर्म शेल्टर

दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं

डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली

समर्पित पार्किंग क्षेत्र

एलईडी प्रकाश व्यवस्था

छत्तीसगढ़ की लोककला पर आधारित भित्ति चित्र

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों को केवल यात्री सुविधाओं तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि उन्हें स्थानीय संस्कृति, पर्यटन और व्यापार के केंद्र के रूप में भी विकसित किया जा रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 50 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें छत्तीसगढ़ के 32 स्टेशन शामिल हैं। इन्हीं में बालोद रेलवे स्टेशन का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है।

बालोद रेलवे स्टेशन का इतिहास भिलाई स्टील प्लांट और दल्लीराजहरा-भिलाई रेल लाइन से जुड़ा रहा है। अब आधुनिक स्वरूप में विकसित यह स्टेशन क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास के साथ-साथ यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक रेल यात्रा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations