दुर्ग। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामले में फरार चल रहे आरोपी उमेश भगत उर्फ अंकल को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने की मिली थी सूचना
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। 22 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि तकियापारा स्थित सोहेल अहमद खान के मकान में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन पैसे का दांव लगाकर सट्टा खिलाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और सोहेल अहमद खान तथा संतोष कुमार गोंड़ को पकड़ा।
लैपटॉप, मोबाइल और नकदी समेत सामान जब्त
पुलिस ने मौके से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने में इस्तेमाल किए जा रहे 1 लैपटॉप, 1 एलईडी टीवी, 4 मोबाइल फोन और 1 डीवीआर के साथ 5 हजार रुपये नकद जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2 लाख 70 हजार 500 रुपये बताई गई है।
12 आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे में संलिप्त सोहेब अख्तर, साहिल उर्फ सोनू, विजेन्द्र कुमार, मनय बोथरा, राहुल रंगवानी, संदीप कापसे, अमान अली, हुसैन अली, सोविंद यादव और जुनैद रज्जा समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
फरार आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस ने मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 4, 6, 7 और BNS की धारा 112 (2) के तहत अपराध दर्ज किया था। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
वहीं, मामले में फरार चल रहे उमेश भगत उर्फ अंकल की पुलिस तलाश कर रही थी। अब पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Facebook Conversations