नकटी मकान तोड़ने के विरोध में कांग्रेस का बड़ा ऐलान, पूरे प्रदेश में होगा प्रदर्शन
त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

नकटी ,गांव में मकान तोड़े जाने की कार्रवाई को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। मामले के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सभी जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किया जाए और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की जाए।

कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ने नकटी गांव में प्रभावित परिवारों के साथ अन्याय किया है। पार्टी का कहना है कि बिना मानवीय संवेदनाओं का ध्यान रखे लोगों के मकान तोड़े गए, जिससे कई परिवार बेघर हो गए। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को गरीब और आम लोगों के अधिकारों पर हमला बताया है।

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और इस मुद्दे को लेकर गांव से लेकर जिला मुख्यालय तक विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने सभी जिला प्रभारियों से आंदोलन को सफल बनाने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस ने सरकार से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उचित मुआवजा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी की है। पार्टी का कहना है कि यदि सरकार ने जल्द कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

उधर, नकटी गांव की घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस इसे जनहित का मुद्दा बताते हुए सरकार को घेरने की तैयारी में है, जबकि प्रशासन का कहना है कि संबंधित कार्रवाई नियमानुसार की गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर प्रदेश की राजनीति और गरमाने के आसार हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations