सिंगर नेहा भसीन ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अपने दिवाली प्लान्स के बारे में बात की और बताया कि वो इस बार दिवाली कैसे सेलिब्रेट करने वाली हैं। उनके लिए दिल्ली में दिवाली की तुलना में कुछ भी नहीं है। दिल्ली में पली-बड़ी नेहा का कहना है कि उन्हें मुंबई में दिल्ली वाली दिवाली की बहुत याद आती है। इस बारे में बात करते हुए वो आगे कहती हैं, "दिल्ली में दिवाली बहुत बड़ी होती है, लेकिन जब मैं मुंबई वापस जाती हूं, तो वहां पर यह कोई बड़ी बात नहीं है। मुंबई में लोग, मुझे लेकर बहुत आलसी हैं। वहां कोई कुछ नहीं करना चाहता है और दिल्ली इसके ठीक विपरीत है। यहां पर सब कुछ बहुत बड़ी बात है, सारी पार्टी, सारे त्योहार, और यही मुझे इस शहर के बारे में पसंद है।"
दिल्ली वाली दिवाली को बहुत याद करतीं हैं नेहा
नेहा आगे बताती हैं, "दिल्ली वाली दिवाली मेरे दिल में एक स्पेशल जगह रखती है। मुझे लगता है दिल्ली में त्योहार सामान्य रूप से ज्यादा मनाए जाते हैं। मुंबई में, गणपति बड़ी चीज है, लेकिन बाकी सब कुछ थोड़ा कम है। हम वहां अपार्टमेंट में रहते है, इसलिए दिवाली के दौरान जब मैं दिल्ली आती हूं, तो यहां के रोशनी से भरे घर इसे और खास बनाते हैं। मुझे 20 साल हो गए हैं मुंबई में, लेकिन आज भी घर वाली फीलिंग दिल्ली में ही आती है।"
एनवायरमेंट को देखते हुए नेहा नहीं फोड़ती हैं पटाखे
नेहा दिल्ली की दिवाली की यादों को याद करते हुए कहती हैं, "मैं एक ज्वाइंट फैमिली में पली-बड़ी हूं। इसलिए मेरे लिए त्योहार में सबका एक साथ होना और परिवार के साथ कुछ समय बिताना ही सब कुछ है। जब हम बच्चे थे, हम पटाखे फोड़ने के बारे में बहुत उत्साहित रहते थे, लेकिन एनवायरमेंट पर इसके प्रभाव को देखते हुए, अब हम कई सालों से इससे बच रहे हैं।"
दिवाली के मौके पर इस साल नेहा मुंबई पर ही रहेंगी
नेहा इस साल दिवाली के मौके पर मुंबई में होंगी। इस बारे में वो कहती हैं, "यह इस साल भी दिवाली पर हम लोग ज्यादा कुछ नहीं करेंगे। अगर ईमानदारी से कहूं तो मेरे जीवन में भी बहुत ज्यादा कुछ नहीं हो रहा है। मैं अपने पति समीर, अपनी बहन और उनके परिवार के साथ कुछ समय बिताऊंगी। हम साथ में डिनर करेंगे। मैं कुछ अच्छा हल्का पहनूंगी, दीया जलाउंगी और बस इतना ही। समीर और मैं बहुत ट्रेडिशनल नहीं हैं, लेकिन कुछ ट्रेडिशन्स हैं जिन्हें मैं आगे ले जाना चाहती हूं। जैसे मैं हमेशा पूरी रात दीवाली की रोशनी चालू रखना सुनिश्चित करती हूं। मेरी मां कहती हैं कि लाइट रातभर ऑन रखने से लक्ष्मी आती है, इसलिए यह एक रस्म है जिसका मैं पालन करती हूं।"

Facebook Conversations