बालोद, - मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रूपये प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली पर्व से पूर्व एकमुश्त प्रदान की जाएगी। इस निर्णय के तहत प्रदेश के लगभग 10,000 करोड़ रूपये की राशि 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में सीधे हस्तांतरित की जाएगी। इस निर्णय से बालोद जिले के 01 लाख 48 हजार 293 किसान लाभान्वित होंगे, जिनके खाते में 511 करोड़ रूपये से अधिक के अंतर की राशि हस्तांतरित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत बीते दो वर्षों में किसानों को धान मूल्य अंतर की राशि के रूप में 25,000 करोड़ रूपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। होली से पूर्व किसानों के खाते में 10,000 करोड़ रूपये के भुगतान के साथ यह राशि बढ़कर 35,000 करोड़ रूपये से अधिक हो जाएगी।
त्वरित खबरे - नेहा सेंडे रिपोर्टिंग

Facebook Conversations