ग्वालियर 3 दिन पहले
ग्वालियर में युवती की गोली मारकर हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। सिरफिरा युवती के प्यार में पागल था। युवती की सगाई के बाद वह नाराज हो गया। गर्लफ्रेंड को गोली मारने से पहले उसने कहा था कि ‘ तुम मेरी नहीं, तो किसी की नहीं’, ये कहकर फायर कर दिया। इसके बाद भाग गया। यही नहीं, सुबह खुद को गोली मारने से पहले भी वह चिल्ला रहा था कि’ धोखा खाए इस दिल की धड़कन को अब धड़कने का हक नहीं’ ये कहते हुए खुद भी सुसाइड कर लिया।
ग्वालियर के मुरार इलाके में सोमवार रात साक्षी गुप्ता (20) की गिर्राज कटारे (25) ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने सुबह खुद को भी गोली मार ली थी। जांच में पता चला है कि गिर्राज-साक्षी के बीच पिछले चार साल से प्रेम-प्रसंग था।
चार साल पहले शुरू हुई लव स्टोरी
पुलिस के मुताबिक साक्षी गुप्ता मूलत: शिवपुरी के भौंती की रहने वाली थी। मुरार के बैजल कोठी में किराए से रहती थी। विजयाराजे सिंधिया कॉलेज में बीएससी थर्ड ईयर की छात्रा थी। कॉलेज के पास ही गिर्राज कटारे रहता था। चार साल पहले दोनों की दोस्ती हुई थी। ये दोस्ती प्यार में बदल गई। पुलिस ने दोनों के मोबाइल की कॉल रिकॉर्डिंग भी निकाली। इसमें पता चला कि दोनों के बीच चार से पांच घंटे तक बात होती थीं। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें भी खाई थीं। यहां तक कि साक्षी को उसने कई बार घर ले जाकर परिवार से मिलवाया था। सबकुछ ठीक चल रहा था। चार महीने पहले साक्षी की शादी की बात चलने लगी, तो रिश्ता बिगड़ने लगा।
साक्षी के परिवार ने ठुकरा दिया था रिश्ता
पता चला है कि पिछले दिनों गिर्राज की भाभी साक्षी के घर रिश्ता लेकर भी गई थी, लेकिन साक्षी के पिता ने ये कहकर मना कर दिया कि लड़का पढ़ा-लिखा नहीं है। साथ ही वह कुछ काम भी नहीं करता। कमाई भी नहीं है। जाति भी अलग है। साक्षी ने भी पिता की ही साइड ली। इसके बाद साक्षी की शादी दूसरी जगह पक्की हो गई। ये बात गिर्राज को नागवार गुजरी। गिर्राज ने भागकर शादी करने की बात भी कही थी, लेकिन उसने मना कर दिया।
शादी तय होने के बाद से ही ठान लिया
4 अप्रैल को गिर्राज को पता लगा कि साक्षी की सगाई हो गई है। 21 जून की शादी की तारीख भी तय हो गई। साक्षी के परिजन उसकी जल्दी शादी कर मामला खत्म करना चाहते थे। सगाई के बाद भी गिर्राज उसे भागने के लिए कह रहा था, लेकिन वह नहीं मान रही थी। इसके बाद गिर्राज ने साक्षी को खत्म करने की ठान ली। उसने बाइक से आकर सरेआम बाजार में साक्षी के सिर पर कट्टे से फायर कर दिया।
लोगों ने पुलिस को बताया कि खुद को गोली मारने से पहले गिर्राज चिल्ला रहा था कि ‘धोखा खाए इस दिल की धड़कन को अब धड़कने का हक नहीं।’ मंगलवार को दोनों के शव का एक साथ पीएम किया गया। मौके पर गिर्राज की जेब से एक कट्टा और मिला है। इसके अलावा गिर्राज के पास से एक पिस्टल भी मिली है, जिसमें मैग्जीन में पांच राउंड फंसे हैं।

गिर्राज ने सोमवार शाम साक्षी को गोली मारने के बाद दूसरे दिन सुबह सुसाइड कर लिया था।
साक्षी के पिता की मदद के लिए लिया था लोन
लॉकडाउन में जब साक्षी के पिता का स्टॉल बंद हो गया था, तब गिर्राज ने IDBI बैंक से 1.30 लाख रुपए का लोन भी निकाला था। इन रुपयों से भी साक्षी के पिता की मदद की थी। इसके अलावा साक्षी के लिए लैपटॉप, मोबाइल भी दिलाया और अन्य खर्चे भी करता था। साक्षी उससे शादी करने के लिए भी तैयार थी, लेकिन बाद में वह पिता से बात कर तैयार करने की बात बोलने लगी थी। घटना स्थल पर तहकीकात करते पुलिस अफसर।
ये है मामला
सोमवार रात मुरार क्षेत्र में एक नकाबपोश बाइक सवार ने युवती की गोली मारकर हत्या कर दी थी। युवती अपनी चचेरी बहन के साथ सब्जी लेने जा रही थी। उसकी पहचान साक्षी गुप्ता (20) के रूप में हुई। इसके कुछ देर बाद गोला का मंदिर इलाके में युवक का शव भी मिला था। उसकी पहचान गिर्राज कटारे के रूप में हुई थी। जांच में दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई।

Facebook Conversations