लुटेरा गिरफ्तार:रात को बाइक लूटकर पहुंचा दुर्ग, सुबह चाकू दिखा युवती से छीने रुपए और भाग निकला; बाइक लौटाने रायपुर पहुंचा, पकड़ा गया
त्वरित खबरे

छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने गुरुवार शाम एक लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ने रायपुर में बाइक लूटी और अगले दिन दुर्ग पहुंच गया। यहां सुबह ऑफिस जा रही एक युवती से चाकू की नोक पर रुपए छीन लिए। फिर रायपुर गया और लूटी बाइक लौटाने के लिए पहुंच गया। पीछा करते हुए पहुंची दुर्ग पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बाइक मालिक को भी पकड़ कर साथ ले आई। उससे भी पूछताछ की जा रही है। मामला जामुल थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने बताया कि रायुपर के खम्हारडीह थाने के हिस्ट्रीशीटर सलमान को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि बुधवार देर रात रायपुर के शक्ति नगर इलाके से उसने बब्बू गुप्ता नाम के युवक से मारपीट कर बाइक लूटी थी। इसके बाद उसी बाइक से आरोपी तड़के जामुल पहुंच गया। घूमने के दौरान सुबह करीब 7 बजे एक युवती ऑफिस जाते हुए दिखाई दी तो चाकू दिखाकर उससे 4700 रुपए छीन लिए और रायपुर भाग निकला।

बाइक मालिक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया
दुर्ग पुलिस बाइक नंबर के आधार पर पीछा करते हुए रायपुर के खम्हारडीह तक पहुंच गई। वहां उसने बाइक मालिक बब्बू गुप्ता को पकड़ लिया। उससे पूछताछ चल ही रही थी कि बाइक लेकर सलमान भी पहुंच गया। पुलिस ने सलमान को गिरफ्तार करने के साथ ही बब्बू को भी पूछताछ के लिए ले आई है। पुलिस का कहना है कि बब्बू ने बाइक लूट को लेकर कोई FIR दर्ज नहीं कराई है। ऐसे में उससे भी पूछताछ की जा रही है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations