खुर्सीपार में धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, विधि से संघर्षरत बालक समेत 3 पर कार्रवाई
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

भिलाई। खुर्सीपार क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने और दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों और घटनास्थल से कुल 3 धारदार हथियार बरामद कर जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग खुर्सीपार क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर घूम रहे हैं और खुद को इलाके का दबंग बताकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं।

पुलिस को देखकर भागने का किया प्रयास

सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना खुर्सीपार पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्धों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान गोविन्द साहू (20 वर्ष) निवासी गणेश मंदिर के पास, खुर्सीपार और सुरज कुमार कोठारी (19 वर्ष) निवासी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद नगर, खुर्सीपार के रूप में हुई। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी संलिप्त पाया गया।

3 धारदार हथियार जब्त

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे और घटनास्थल से कुल 3 धारदार हथियार बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर घूमते हुए लोगों को डराने-धमकाने और क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहे थे।

इस मामले में थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 382/2026, 383/2026 और 384/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए।

आरोपियों को भेजा गया जेल

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। वहां से न्यायिक रिमांड मिलने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में थाना खुर्सीपार के थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केंवट और पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक कृत्य की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने और लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations