जयस्तंभ चौक स्थित सेंट्रल बैंक जोनल कार्यालय में भीषण आग, चार घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
त्वरित खबरें / रायपुर सिटी रिपोर्टर

कोई जनहानि नहीं, शॉर्ट सर्किट की आशंका; संपत्ति को भारी नुकसान

रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्ततम क्षेत्र जयस्तंभ चौक स्थित सेंट्रल बैंक के जोनल कार्यालय में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटों और घने धुएं से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

फायर कर्मियों ने लगातार चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करते हुए दोपहर लगभग 1 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी तथा लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत फॉल्ट अथवा शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि संबंधित अधिकारियों द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और कार्यालय में मौजूद सभी कर्मचारी एवं अन्य लोग सुरक्षित हैं। हालांकि आग के कारण कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों, फर्नीचर तथा अन्य संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। नुकसान का सही आकलन जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी एवं बैंक प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान के आंकलन को लेकर जांच जारी है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations