23 जून 2022
राजनांदगांव। भारतीय मानिकपुरी पनिका समाज शहर इकाई राजनांदगांव द्वारा गत दिनों शांतिनगर स्थित कबीर सामुदायिक भवन में सद्गुरू कबीर साहेब का प्राकट्य दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ निशान पूजा एवं गुरू महिमा पाठ के साथ कबीर साहेब के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर किया गया। पश्चात विश्व कल्याण एवं शांति की कामना के साथ साप्विक यज्ञ चौका आरती का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कबीर प्राकट्य दिवस समारोह पर प्रकाश डालते हुए हालेकोसा छुरिया से पहुंचे महंत अमरदास मोंगरे ने कहा कि कबीर को हिन्दू-मुसलमान बनकर नहीं समझा जा सकता और न ही ब्राम्हण एवं शुद्र या दलित बनकर समझा जा सकता है उन्हें केवल इंसान बनकर समझा जा सकता है। क्योंकि कबीर न हिन्दू थे और न ही मुसलमान, न वे ब्राम्हण थे न ही शूद्र। कबीर साहेब मानवता के एक सच्चे हितैषी थे, इसलिए उन्हें एक सच्चा इंसान या मनुष्य बनकर समझा जा सकता है। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित महापौर हेमा देशमुख ने कबीर साहेब के संदेश को आत्मसात करने का आव्हान करते हुए कबीर प्राकट्य दिवस की बधाई दी तथा सामाजिक भवन निर्माण के लिए पांच लाख देने की घोषणा की। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज को हरसंभव मद्द का आश्वासन दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने बच्चों की शिक्षा पर जोर देते हुए समाज को संगठित रूप से विकास के पथ पर अग्रसर करने पदाधिकारियों को प्रेरित किया।
भाजपा नेता नीलू शर्मा ने कबीर के संदेशों को आज भी प्रासंगिक बताते हुए उनके बताये मार्गों पर चलने की बात कही। इस अवसर पर समाज के जिलाध्यक्ष साहेब दास मानिकपुरी, सचिव धरमदास मानिकपुरी, शहर इकाई के अध्यक्ष पूरनदास, उपाध्यक्ष धनेश्वरदास, कोषाध्यक्ष मनीष दास, सचिव ओमन दास एवं सुशील दास मानिकपुरी समेत सामाजिकजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Facebook Conversations