लखनऊ. 18 मई 2022
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ज्ञानवापी मस्जिद पर चल रहे विवाद पर कहा कि भाजपा के लोग जानबूझकर ऐसे मुद्दे उठाते हैं जिससे कि महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर जनता का ध्यान न जाए. पेट्रोल-डीजल, खाने-पीने की चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई दर आजादी के बाद सबसे ज्यादा है. भाजपा की केंद्र सरकार के पास इसका कोई जवाब नहीं है ऐसे में जानबूझकर इन मुद्दों को उठाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा के पास इन मुद्दों का पूरा एक कैलेंडर जो कि चुनाव आने तक लगातार उठाए जाते हैं. उन्होंने कहा कि सरकारी कंपनियां बेची जा रही हैं. जब भी मंदिर-मस्जिद मुद्दों पर चर्चा होती है हमें नहीं पता होता है कि देश की कौन सी संपत्ति बेची जा रही है. भाजपा ने ‘वन नेशन, वन राशन’ का नारा दिया था पर लगता है कि वो ‘एक राष्ट्र एक व्यापारी’ के नारे पर अमल कर रहे हैं.
बता दें कि ज्ञानवापी मस्जिद में सर्वे की रिपोर्ट जमा करने का समय अदालत ने दो दिन बढ़ा दिया है. न्यायालय की तरफ से बने कमिश्नर अजय कुमार मिश्रा को पद से हटा दिया गया है. सर्वे करने वाली टीम ने कोर्ट को जानकारी दी कि इसकी विस्तृत सर्वे रिपोर्ट को एकत्रित करने में थोड़ा वक्त लगेगा. इसी कारण कोर्ट ने उनको दो दिन में सर्वे रिपोर्ट कोर्ट को पेश करने का समय दिया है. इसके साथ ही बाकी दो कमिश्नरों को सर्वे रिपोर्ट को दो दिन में पेश करने की मोहलत दी है. अजय मिश्रा को कमीशन की कार्रवाई को सार्वजनिक करने के आरोप में हटाया गया है.

Facebook Conversations