जनगणना 2027 की तैयारियों का निरीक्षण, मकान सूचीकरण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर
त्वरित खबरे ;हर्ष कुमार गुप्ता

राजनांदगांवजिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत संचालित मकान सूचीकरण एवं भवन गणना कार्यों का आज अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय एवं राज्य स्तरीय जनगणना टीम द्वारा विभिन्न ग्रामों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति, जनगणना ऐप के उपयोग, जीआईएस आधारित घर संख्या अंकन तथा डेटा प्रविष्टि की गुणवत्ता का स्थल पर जाकर अवलोकन किया गया। जिले में जनगणना 2027 के अंतर्गत कुल 1608 जनगणना ब्लॉकों का गठन किया गया है, जहां मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान टीम ने घर-घर जाकर प्रगणकों द्वारा मोबाइल एप के माध्यम से की जा रही प्रविष्टियों, भवनों के अंकन तथा जानकारी संकलन की प्रक्रिया का परीक्षण किया।

अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने संबंधित अधिकारियों एवं प्रगणकों को निर्देशित किया कि मकान सूचीकरण का कार्य निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रविष्टियां सटीक, अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना आवश्यक है, क्योंकि यही जानकारी आगामी जनगणना कार्यों का आधार बनेगी। उन्होंने पर्यवेक्षकों को प्रतिदिन फील्ड मॉनिटरिंग कर कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। राज्य स्तरीय जनगणना टीम ने जिले में किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए आवश्यक तकनीकी सुधार एवं सावधानियों के संबंध में सुझाव दिए। टीम ने कहा कि डिजिटल माध्यम से जनगणना कार्यों का संचालन पारदर्शिता एवं सटीकता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन ने बताया कि जनगणना का प्रारंभिक चरण संपूर्ण जनगणना प्रक्रिया की विश्वसनीयता का आधार होता है। इसलिए मकान सूचीकरण एवं भवन गणना कार्य को अत्यंत गंभीरता, पारदर्शिता एवं सावधानीपूर्वक संपादित किया जाना आवश्यक है

YOUR REACTION?

Facebook Conversations