जांजगीर में एक ही परिवार के 4 लोगों की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, संपत्ति विवाद की आशंका
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

जांजगीर-चांपा,  जिले के भंवतरा गांव में बुधवार देर रात हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर एक ही परिवार के चार लोगों की कुल्हाड़ी मारकर निर्मम हत्या कर दी। मृतकों में 70 वर्षीय मेदनी प्रसाद कश्यप, उनकी पत्नी कांति बाई (65), नातिन मोगरा (25) और 17 वर्षीय नाती पीतांबर शामिल हैं। वारदात के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है।

चारों के शव उनके निर्माणाधीन मकान में खाट पर खून से लथपथ हालत में मिले। हत्या की जानकारी गुरुवार सुबह उस समय हुई जब मकान में काम करने वाला मिस्त्री वहां पहुंचा। उसने खाट पर पड़े शव देखे तो घबरा गया और तत्काल गांव के सरपंच राजाराम कश्यप को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। पुलिस, फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रभारी एसपी निवेदिता पाल और एडिशनल एसपी उमेश कश्यप ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और जांच के निर्देश दिए। घटना की खबर फैलते ही निर्माणाधीन मकान के बाहर ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जमा हो गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस संपत्ति विवाद को हत्या की मुख्य वजह मानकर चल रही है। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक मेदनी प्रसाद के बेटे और पोते को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा कुछ संदिग्ध पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में एक से अधिक लोगों के वारदात में शामिल होने की आशंका है।

एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि चारों लोग निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे, तभी देर रात उन पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। हमलावरों ने बेहद बेरहमी से सिर और शरीर पर वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस अब हत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है।

जांच के दौरान एक पुराना मामला भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि करीब 16-17 साल पहले मृतक परिवार के एक बेटे की भी हत्या हुई थी। ऐसे में पुलिस पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है।

घटना के बाद पूरे गांव में डर और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations