भिलाई । जामुल में स्कूल के सामने शराब भट्टी खोले जाने को लेकर जमकर बवाल शुरू हो गया है। जामुल भाजपा मंडल ने रविवार को धरना प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया। साथ ही कलेक्टर के नाम तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में यह भी कहा कि यदि शराब भट्टी नहीं हटी तो भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आत्मदाह किया जाएगा।
बता दें कि वार्ड-13 नंदिनी रोड जामुल एमआएस विद्यालय के सामने देशी और अंग्रेजी शराब दुकान खोल दिया गया है। जिसका विरोध शुरू हो चुका है। जामुल भाजपा मंडल के प्रतिनिधि मंडल द्वारा उक्त स्थल पर शराब दुकान नहीं खोलने की मांग को लेकर जिला प्रशासन को बीते 13 सितंबर को आवेदन देकर विरोध प्रकट किया गया था। जामुल मंडल भाजपा का कहना है कि पहले ही आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद प्रशासन ने जनभावना का दरकिनार करते हुए यहां शराब दुकान खोलने की अनुमति दे दी।
भाजपा जामुल मंडल का कहना है कि जहां शराब दुकान खोली गई है वहां से मुख्य सड़क नंदिनी रोड की दूरी बमुश्किल 10 मीटर से भी कम है। जिससे आए दिन दुर्घटना की संभावना बनी रहेगी। जहां पर शराब दुकान खोली गई है उसके ठीक सामने स्कूल और कालेज संचालित है। जहां छात्र-छात्राओं और छोटे बच्चों का नियमित रूप से आना-जाना लगा रहता है। धरना प्रदर्शन में पूर्व विधायक सांवलाराम डहरे, टीपी सिंह, यशवंत ठाकुर, दीपक गुप्ता, ईश्वर ठाकुर, हरीश वर्मा, हेमंत देवांगन, संजय शर्मा, रामप्यारी वर्मा, कविता विश्वाल,रूपेश वर्मा, अश्वनी यादव, मनीष साहू, दिलीप सिंह, रवि राकेश वर्मा, राजेश्वर रेड्डी सहित मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Facebook Conversations