हरिनगर एवं कातुलबोर्ड क्षेत्र में पेयजल संकट दूर करने निगम की पहल
त्वरित खबरे आस्था मानिकपूरी

दुर्ग   नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा गर्मी के मौसम में बढ़ती पेयजल समस्या को देखते हुए वार्ड क्रमांक 59 हरिनगर एवं वार्ड क्रमांक 60 कातुलबोर्ड क्षेत्र में विशेष व्यवस्था लागू की गई है। लगातार बढ़ते तापमान एवं पानी की खपत में वृद्धि के कारण इन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही थी, जिससे अंतिम छोर पर निवासरत नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा था।

निगम प्रशासन को प्राप्त शिकायतों एवं क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि कई स्थानों पर टुल्लू पंपों का अत्यधिक उपयोग किए जाने से जलप्रवाह असंतुलित हो रहा है। इसके कारण मुख्य पाइपलाइन से जुड़े अंतिम घरों तक पानी का दबाव नहीं पहुंच पा रहा था और नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा निर्णय लिया गया है कि उक्त क्षेत्रों में जलप्रदाय आपूर्ति के निर्धारित समय के दौरान प्रातः 8:30 बजे विद्युत सप्लाई अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी। 

इस व्यवस्था का उद्देश्य जल वितरण को संतुलित करना एवं प्रत्येक घर तक समान रूप से पेयजल उपलब्ध कराना है।

निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि पेयजल संकट की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक पानी की बर्बादी न करें तथा टुल्लू पंपों का उपयोग बंद रखें। निगम का कहना है कि सभी नागरिकों के सहयोग से ही जल समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations