कलेक्टर बी.एस. उइके ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि गर्मी के सीजन में शादी-विवाह, जन्मोत्सव, दशागात्र, सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में बचा हुआ बासी भोजन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है, इसलिए इसका सेवन न करें। उन्होंने कहा कि बड़े आयोजनों में अक्सर भोजन अधिक मात्रा में बनता है, जो देर तक रहने के कारण दूषित हो सकता है और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं उत्पन्न कर सकता है।
कलेक्टर उइके ने बताया कि गर्मी के दिनों में भोजन जल्दी खराब होता है और इसकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने आयोजन समितियों, रसोइयों एवं भोजन प्रबंधन से जुड़े लोगों से आग्रह किया कि भोजन को स्वच्छ वातावरण में तैयार करें तथा केवल आवश्यकता के अनुसार ही मात्रा निर्धारित की जाए। बचा हुआ भोजन लंबे समय तक रखने से बैक्टीरिया बढ़ने का खतरा रहता है, जो गंभीर बीमारी का कारण बन सकता है। कलेक्टर ने आम जनता से अपील की कि वे स्वयं भी सतर्क रहें और परिवारजनों को इससे जुड़े जोखिमों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी स्वास्थ्य को सुरक्षित रख सकती है, इसलिए बासी भोजन का सेवन न करें और दूसरों को भी ऐसा न करने दें।

Facebook Conversations