गर्मी का सितम और बढ़ा :  राजस्थान समेत 18 राज्यों के 20 शहरों में 45 पार हुआ पारा, 46 डिग्री के साथ प्रयागराज सबसे गर्म
त्वरित खबरे

नई दिल्ली  २९ अप्रैल 

गर्मी ने लोगों की अग्निपरीक्षा लेनी शुरू कर दी है और आने वाले दिनों में भी इससे राहत नहीं मिलने वाली है। पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत 18 राज्यों के 20 से ज्यादा शहरों में पारा 45 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। इसमें 46 डिग्री के साथ UP का प्रयागराज टॉप पर है।

दिल्ली में गर्मी ने 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
दिल्ली में गर्मी ने शुक्रवार को 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले अप्रैल में 43.5 डिग्री से ज्यादा तापमान 2010 में रिकॉर्ड हुआ था। तब अप्रैल की 18 तारीख को पारा 43.7 तक पहुंचा था।

अभी पारा नीचे आने के कोई आसार नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अगले 5 दिनों तक लू चलती रहेगी। पूर्वी भारत में 3 दिन बाद गर्म हवा के थपेड़ों में थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं।

देश में गर्मी का हाल
1. गुरुग्राम में अप्रैल में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है। यहां गुरुवार को पारा 45.6 डिग्री पहुंच गया। इससे पहले 28 अप्रैल 1979 में पारा 44.8 डिग्री पहुंचा था।

2. मध्य प्रदेश के खजुराहो और नौगांव में में पारा 45.6 डिग्री दर्ज हुआ। खरगोन में यह 45.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। UP में प्रयागराज में 45.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। महाराष्ट्र में अकोला (45.4 डिग्री), ब्रम्हपुरी (45.32 डिग्री) और जलगांव में 45.6 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया।

3. भारत में पावर सप्लाई की डिमांड शुक्रवार को 204.65 गीगावाट तक पहुंच गई। ये अब तक की सबसे ज्यादा सप्लाई डिमांड बताई जा रही है।

4. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर इलाकों में अगले दो दिन तक तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

5. राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ में अगले 4 दिनों तक हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब प्रतिकूल मौसम के लिए तैयारी रखना होता है। इसके बाद रेड अलर्ट आता है, जिसमें एक्शन लेना होता है।

UP के प्रयागराज समेत 4 शहरों का पारा 45 डिग्री के पार

उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। गुरुवार को प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी, आगरा और कानपुर में भी पारा 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। 

अप्रैल के अंत तक मैदानी इलाकों में 45-46 डिग्री सेल्सियस सामान्य नहीं

मौसम विज्ञानी नवदीप दहिया ने बताया कि राजस्थान के चुरू, बाड़मेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जैसे स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस सामान्य है, लेकिन अप्रैल के अंत तक उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में 45-46 डिग्री सेल्सियस सामान्य नहीं है।

पश्चिम बंगाल में दो मई से शुरू होंगी गर्मी की छुट्टियां

पश्चिम बंगाल में बढ़ते तापमान के चलते स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 2 मई से शुरू हो जाएंगी। CM ममता बनर्जी ने कहा कि यह निर्णय निजी स्कूलों पर भी लागू होता है। वहीं, 2 मई से कॉलेज और विश्वविद्यालय भी बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि सभी शैक्षणिक संस्थान 2 मई से अपनी कक्षाएं स्थगित कर दें। सभी संस्थान 15 से 20 जून के बीच कक्षाएं फिर से शुरू कर सकते हैं।

कब घोषित होती है हीटवेव?
IMD के अनुसार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री अधिक होने पर हीटवेव घोषित की जाती है। यदि सामान्य तापमान से पारा 6.4 डिग्री से अधिक है, तो गंभीर हीटवेव घोषित की जाती है।

पहले रिकॉर्ड किए गए तापमान के आधार पर कहा जा सकता है कि हीटवेव तब घोषित की जाती है जब किसी क्षेत्र का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाता है। यदि अधिकतम तापमान 47 डिग्री को पार कर जाता है तो भीषण लू की घोषणा की जाती है।

गर्मी से बचने के लिए पहने हल्के रंग के सूती कपड़े
IMD ने कहा कि हीटवेव कमजोर लोगों जैसे कि शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों वाले लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं पैदा कर सकती है। इसलिए लोगों को गर्मी से बचने के लिए हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने चाहिए और घर से बाहर निकलने से पहले सिर को टोपी या छतरी से ढकना चाहिए।

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ गांधीनगर (IIPHG) के डायरेक्टर दिलीप मावलंकर ने कहा, 'लोगों को IMD की सलाह पर ध्यान देने की जरूरत है। वह घर के अंदर रहें, खुद को हाइड्रेटेड रखें और गर्मी के लक्षण महसूस होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाएं।'

भीषण गर्मी के कारण आधे से ज्यादा छत्तीसगढ़ लू की चपेट में

छत्तीसगढ़ में आज दुर्ग में पारा 43.3 डिग्री और रायपुर में पारा 44.1 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को मुंगेली, बलौदाबाजार और सारंगढ़ जिले का पारा 45 डिग्री पार हो गया। भीषण गर्मी के कारण आधे से ज्यादा राज्य लू की चपेट में हैं। इस सीजन में मुंगेली में पहली बार पारा 45.7 डिग्री पहुंचा है। राज्य में यह किसी भी स्थान का सर्वाधिक तापमान है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations