महासमुंद. महासमुंद जिला वैसे तो विकास के नाम पर आगे है लेकिन एक ऐसा क्षेत्र जहां के लोग सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे अब उस क्षेत्र की मांग पूरी हो गई है और रोड का निर्माण भी शुरू हो गया है. आपको बता दें कि यह रोड भंवरपुर से बड़े साजापाली गांव को जोड़ेगा. रोड का काम चालू होने से ग्रामीणों में काफी खुशी देखी जा रही है और लोगों को उम्मीद है कि रोड के बनने से विकास की गंगा महासमुंद जिले के अंतिम छोर तक पहुंचेगी. शिक्षा के क्षेत्र में बात करें तो भंवरपुर में शासकीय कॉलेज और आत्मानंद स्कूल हैं.बड़े साजापाली गांव जो कि महासमुंद जिले का आखिरी गांव है रोड बनने के बाद अब इस क्षेत्र के लोग भी कॉलेज और आत्मानंद स्कूल का लाभ ले पाएंगे, क्योंकि रोड नहीं होने के कारण परिवहन की कोई सुविधा नहीं होती थी और इस गांव के छात्र छात्राएं शिक्षा के क्षेत्र में पीछे रह जा रहे थे. रोड के बनने के बाद शिक्षा के क्षेत्र में भी एक नई उम्मीद जगी है. अब अंतिम से अंतिम और पिछड़े गांवों के छात्र-छात्राएं भी अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगे.बड़े साजापाली में स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल जहां छात्राओं की जनसंख्या हजार से लेकर 1200 तक होती है लेकिन रोड और परिवहन की सुविधा न होने के कारण छात्र छात्राएं 12वीं के बाद पढ़ाई बंद कर देते थे, लेकिन अब कहीं ना कहीं रोड निर्माण होने से छात्रों को शिक्षा का लाभ मिलेगा और वह अपनी कॉलेज की पढ़ाई भी पूरी कर सकेंगे. इसमें मुख्य रूप से बड़े साजापाली, सलखंड, जामदरहा, उड़ेला इन बड़े गांव के छात्र-छात्राओं को भी लाभ मिलेगा. वहीं जनपद सदस्य तारा चंद साहू ने बताया कि रोड की लंबाई भंवरपुर से बड़े साजापाली तक 17 किलोमीटर है, जिसकी लागत 2768.77 लाख है. जिससे की किसान भाइयों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी.
Facebook Conversations