दुर्ग। दुर्ग पुलिस की एसटीएफ (STF) टीम ने अवैध प्रवास के मामलों की जांच और विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया है। पुलिस के अनुसार, करीब 32 हजार व्यक्तियों के स्कैन किए गए डेटा का विश्लेषण किया गया, जिसमें 250 से अधिक व्यक्तियों को आगे की जांच के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।
पश्चिम बंगाल के कई क्षेत्रों में जुटाई जानकारी
दुर्ग पुलिस की ओर से जारी प्रेस ब्रीफ के मुताबिक, शॉर्टलिस्ट किए गए व्यक्तियों से संबंधित जानकारी के सत्यापन और दस्तावेजीकरण के लिए एसटीएफ टीम ने पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना और मुर्शिदाबाद सहित अन्य संबंधित क्षेत्रों में विशेष सर्च अभियान चलाया। इस दौरान उपलब्ध जानकारियां एकत्र कर उनका दस्तावेजीकरण किया गया।
पुलिस के अनुसार, संकलित डेटा का विस्तृत विश्लेषण और सत्यापन जारी है। जांच के आधार पर संदिग्ध मामलों की पहचान कर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी की जा चुकी है कार्रवाई
दुर्ग पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी अवैध रूप से निवासरत एक बांग्लादेशी नागरिक के खिलाफ कार्रवाई कर उसे डिपोर्ट किया जा चुका है। पुलिस अब तकनीकी डेटा और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर ऐसे मामलों की जांच कर रही है।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी संदिग्ध गतिविधि या अवैध रूप से निवासरत विदेशी नागरिक के संबंध में जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें।
पुलिस हेल्पलाइन नंबर: 1800-233-1905
पुलिस के मुताबिक, प्राप्त सूचनाओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Facebook Conversations