दुर्ग पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन: ग्रीन चौक समेत कई इलाकों में सुबह-सुबह सर्च अभियान, हथियार और गांजा जब्त
दुर्ग जिले में अपराधों पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा बड़े स्तर पर कॉम्बिंग गश्त एवं सर्च अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक यदुमणि सिदार एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पाटन अनूप लकड़ा के नेतृत्व में 12 मई 2026 की सुबह थाना मोहन नगर और थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्रीन चौक, टिपरापारा, हरणा बांधा और तकिया पारा इलाके में आकस्मिक सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 100 पुलिस जवानों की टीम ने सुबह 4 बजे से 8 बजे तक अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की।
पुलिस द्वारा अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, आदतन अपराधियों और संदिग्ध मकानों की सघन तलाशी ली गई। कई लोगों से पूछताछ की गई और उनके दस्तावेजों की जांच भी की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता तब मिली जब ग्रीन चौक निवासी विकास यादव उर्फ लासा और प्रशांत उर्फ बालू के कब्जे से अवैध हथियार एवं मादक पदार्थ बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी विकास यादव उर्फ लासा, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्रीन चौक के पास से अवैध गांजा बरामद किया गया, जबकि आरोपी प्रशांत उर्फ बालू के कब्जे से तलवार, गुप्ती और अन्य धारदार हथियार जब्त किए गए। इसके अलावा एक संदिग्ध मोटर सायकल भी पुलिस ने बरामद कर जप्त की है। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
मामले में आरोपी विकास यादव उर्फ लासा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है, जबकि प्रशांत उर्फ बालू के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। साथ ही संदिग्ध मोटर सायकल के संबंध में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, अवैध हथियार या मादक पदार्थ से जुड़ी गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस पूरे अभियान में थाना मोहन नगर एवं थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त पुलिस टीम, पेट्रोलिंग स्टाफ और कॉम्बिंग गश्त में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों में डर का माहौल देखा जा रहा है।

Facebook Conversations