दुर्ग में नकली Titan और Fastrack घड़ियों की बिक्री का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

दुर्ग। ब्रांडेड कंपनी Titan और Fastrack के नाम का दुरुपयोग कर नकली घड़ियां बेचने के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इंदिरा मार्केट स्थित सत कबीर वाच दुकान पर दबिश देकर 280 नकली घड़ियां और 275 नकली Fastrack टैग बरामद किए हैं। मामले में दुकान संचालक कमलेश निर्मलकर (41 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को टाइटन कंपनी की ओर से ब्रांडेड घड़ियों की असली-नकली जांच और कार्रवाई के लिए अधिकृत व्यक्ति ने दुर्ग कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि इंदिरा मार्केट स्थित सत कबीर वाच दुकान में लंबे समय से Titan और Fastrack के नाम का दुरुपयोग कर नकली घड़ियों की बिक्री की जा रही थी।

शिकायत और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शाम करीब 6 बजे दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में नकली घड़ियां और Fastrack के नकली टैग बरामद हुए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

जांच के दौरान आरोपी का कृत्य कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 और बीएनएस की धारा 318(4) के तहत पाए जाने पर थाना दुर्ग कोतवाली में अपराध क्रमांक 0483/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रसिद्ध ब्रांडेड कंपनियों के नाम और ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर नकली घड़ियों को असली बताकर बेचता था। इस तरह वह ग्राहकों से धोखाधड़ी कर अवैध लाभ कमाता था।

पुलिस ने क्या-क्या किया जब्त?

  • Titan और Fastrack की 280 नग नकली घड़ियां
  • Fastrack कंपनी के 275 नग नकली टैग
  • घटना में प्रयुक्त आरोपी का मोबाइल फोन

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी नामी कंपनी के नकली या पायरेटेड सामान की खरीद-बिक्री न करें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ब्रांडेड सामान खरीदते समय उसकी प्रामाणिकता की जांच करें और नकली सामान की बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations