दुर्ग / कदम संस्था द्वारा आज दुर्ग, छत्तीसगढ़ में “महापौर बीजारोपण महोत्सव–2026” एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बी.आई.टी. कॉलेज मैदान, जी.ई. रोड, दुर्ग में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाना एवं लोगों को जीवन के विशेष अवसरों—जैसे जन्मदिन, वर्षगांठ आदि—पर वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना रहा। कदम संस्था लंबे समय से जन्मदिन पर पौधारोपण अभियान, अंगदान जागरूकता, युवा उत्सव तथा सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही है।
आयोजन के अंतर्गत दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे तक पौधों का रजिस्ट्रेशन किया गया, जिसके पश्चात दोपहर 2:30 बजे से 4:00 बजे तक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का निर्देशन कदम संस्था, दुर्ग द्वारा किया गया। संस्था के संस्थापक योगेश गनोरे एवं कदम प्रमुख प्रभुदयाल उजाला ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। संस्था पदाधिकारियों ने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि वे अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करें।
यह आयोजन न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ, बल्कि समाज में जागरूकता और सहभागिता का सशक्त संदेश भी देकर गया।

Facebook Conversations